हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट, अंधेरे में 350 गांव
रायबरेली। विद्युत उपकेंद्र फुरसतगंज को त्रिपुला से जाने वाली 33 केवी लाइन में रविवार रात फॉल्ट आने से क्षेत्र के करीब 350 गांवों में अंधेरा छा गया। बिजली नहीं आने से लोगों की नींद हराम रही। भीषण गर्मी और उमस से परेशान रहे। रात भर उपभोक्ता बिजली आने के बावत उपकेंद्र और अभियंता को फोन मिलाते रहे, लेकिन बात नहीं हो सकी। सोमवार सुबह करीब आठ बजे बिजली बहाल हो सकी।
रायबरेली के त्रिपुला ट्रांसमिशन से अमेठी जिले के विद्युत उपकेंद्र फुरसतगंज को बिजली जाती है। रात डिघियां गांव के पास लाइन में फॉल्ट आने से उपकेंद्र की आपूर्ति बंद हो गई। इस उपकेंद्र से निकले तीन फीडर फुरसतगंज, डिघिया, टेकारी से करीब 350 गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। रात भर इन गांवों में बिजली व्यवस्था ध्वस्त रही। रात भर लोग गर्मी से परेशान रहे। पवार कॉर्पोरेशन के मोबाइल रात भर बंद रहे।
संतराम, पवन शुक्ला, रामेंद्र सिंह, रामपुर, राजेंद्र, राजेश कुमार, भवानीदत्त दीक्षित, शालिक राम ने बताया कि बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। आए दिन कहीं न कहीं फॉल्ट बना रहता है। इसके बावजूद पावर कॉर्पोरेशन के अभियंता कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। अफसरों की मनमानी का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। अवर अभियंता एम मनोज ने बताया की 33 केवी लाइन में फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति बंद थी। डिघिया गांव के पास खराबी आई थी, जिसे ठीक कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है।