घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर भेड़िए का हमला
सबहेड : घायल, वन विभाग की कांबिंग खानापूरी तक सीमित
- महराजगंज तहसील क्षेत्र के आधा दर्जन गांव में आतंक, भयभीत लोग
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज (रायबरेली)। घर के बाहर खेल रहे एक बच्चे पर गुरुवार को भेड़िए ने हमला बोलकर उसे घायल कर दिया। बच्चे के रोने पर आसपास के लोगों ने पहुंचकर उसे दौड़ाया तो भेड़िया भाग खड़ा हुआ। बच्चे को सीएचसी में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई दिनों से भेड़िए के आतंक से लोग दहशत में हैं, लेकिन वन विभाग की कांबिंग खानापूरी तक सीमित रह गई है। भेड़ियों के आतंक से ग्रामीणों को राहत नहीं मिल पा रही है।
नूरगंज मजरे पहुरावां गांव निवासी नीरज यादव (11) पुत्र रामजी बृहस्पतिवार पूर्वाह्न 11 बजे अपने घर के बाहर खेल रहा था। अचानक भेड़िए ने नीरज पर हमला कर दिया। भेड़िए ने बच्चे का दाहिना हाथ पर काटकर घायल कर दिया। बच्चे के चिल्लाने पर परिवारीजन व ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर जब तक बाहर आए, तब तक भेड़िया भाग निकला। परिवारीजनों ने घायल नीरज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
घटना कि जानकारी होने पर कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार सिंह के साथ वन विभाग व पुलिस विभाग की टीम गांव पहुंची। भेड़िये को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। क्षेत्र के अतरेहटा, पाली, कुबना, बावन बुजुर्ग बल्ला, पूरे सहमत, जमादर का पुरवा आदि गांवों में भेड़िये का आतंक और लगभग आधा दर्जन जानवरों को अब तक भेड़ियों ने घायल कर चुका है। इसमें तीन मवेशियों की मौत हो चुकी है। वन विभाग के अधिकारियों की टीम काबिंग कर रही है, लेकिन इसमें महज खानापूरी की जा रही है। वहीं डीएफओ उमाशंकर दोहरे का कहना है कि भेड़ियों को पकड़वाने के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द उसे पकड़ा जाएगा।