रक्तदान कर आप भी बने महादानी
- अमर उजाला फाउंडेशन का जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर 14 को
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। रक्तदान महादान को साकार करने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन करने जा रहा है। रक्तदान करके कोई भी महादानी बन सकता है। इस मौैके पर रक्तदान कर महादानी बनने वालों को अमर उजाला की ओर से प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन कर सरकारी ब्लड बैंक को ज्यादा से ज्यादा ब्लड उपलब्ध कराने की योजना है। उद्देश्य है कि कोई मरीज ब्लड के अभाव में अपनी जिंदगी से हाथ न धोएं। रक्तदान करने के लिए इच्छुक व्यक्ति पंजीकरण करा सकते हैं।
सीएमओ डॉ. डीके सिंह का कहना है कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति जिसकी उम्र 18 से 60 वर्ष के बीच है, वह रक्तदान कर सकता है। एक यूनिट रक्तदान से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है। रक्तदान से बढ़कर कोई दान नहीं है। उन्होंने शिविर में अधिक से अधिक लोगों को भाग लेकर रक्तदान करने की अपील की है। कहा कि अमर उजाला का प्रयास सराहनीय है। इससे लोग रक्तदान करने के लिए और आगे आएंगे। रक्तदान के इच्छुक लोग सुबह दस बजे से शाम पांच बजे के बीच अमर उजाला कार्यालय के फोन नंबर 0535-2203918 एवं जिला अस्पताल के ब्लड बैंक के परामर्शदाता राघवेंद्र सिंह के मोबाइल नंबर 9450063434 पर पंजीकरण करा सकते हैं।
इनसेट
समाज हित में जरूरी कदम
फोटो संख्या 39
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एनके श्रीवास्तव का कहना है कि अमर उजाला का कदम समाज हित में अच्छा है। रक्तदान से किसी को जीवनदान मिल सकता है। इसलिए अभियान से जुड़कर युवा रक्तदान अवश्य करें। जो भी रक्तदान करना चाहे वह अपना पंजीकरण करा लें। यह एक अच्छा कदम है।
इनसेट
रक्तदान से नहीं होता कोई नुकसान
फोटो संख्या 40
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डा. बीरबल कहना है कि रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती है, बल्कि शरीर में रक्त बनने की गति तेज होती है। लोगों में यह भ्रम है कि रक्तदान करने से दुर्बलता आती है। रक्तदान करने के कुछ समय बाद ही इसकी भरपाई हो जाती है। अमर उजाला का कदम सराहनीय है।
इनसेट
युवा व्यापारी करें रक्तदान
फोटो संख्या 41
व्यापारी नेता बसंत सिंह बग्गा का कहना है कि अक्सर देखा गया है कि खून के अभाव में रोगी की जान चली जाती है। वजह खून की कमी पूरी नहीं हो पा रही है। हम सबको रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। आपके खून से किसी की जान बच सकती है। उनका व्यापार संगठन इस कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरा सहयोग करेगा। व्यापार मंडल के साथियों से अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया। युवा व्यापारी रक्तदान करके दूसरों की जिंदगी बचाने में अपनी भूमिका निभाएं।
इनसेट
रक्तदान के लिए आगे आएं लोग
फोटो संख्या 42
व्यापारी नेता मो. जावेद का कहना है कि समाज हित में कोई भी कार्य करना अच्छा कदम होता है। अमर उजाला ने समाज हित का जो यह कदम बढ़ाया है, वह वाकई में सराहनीय है। खून की कमी से लोग जान गंवा देते हैं। ऐसे में रक्तदान करने के लिए लोगों को आगे आना होगा। युवा व्यापारी को इस शिविर में बढ़चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।