रायबरेली। करीब एक हफ्ते बाद रविवार को फिर दो श्रमिक स्पेशल यहां पहुंची। गाड़ी संख्या 04606 लुधियाना-मुगलसराय (डीडीयू) श्रमिक स्पेशल सुबह लगभग 4 बजे यहां आई। इससे 167 प्रवासी उतरे, जिनकी थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद उन्हें पांच रोडवेज बसों से भेजा गया।
इसके बाद सुबह लगभग 11 बजे गाड़ी संख्या 04604 अमृतसर-पटना श्रमिक स्पेशल भी यहां पहुंची। इस ट्रेन से महज 44 प्रवासी ही यहां उतारे गए, जिन्हें उनके घर भेजने के लिए महज एक रोडवेज बस लगाई गई।
स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि दो श्रमिक स्पेशल ट्रेनें इधर से गुजरीं, जिनसे 211 प्रवासी उतारे गए। जीआरपी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि सभी प्रवासियों को औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही यहां से रवाना किया गया।