रायबरेली। जिले में स्वाइन फ्लू का कहर बढ़ता जा रहा है। एसजीपीजीआई लखनऊ की जांच में शहर की एक और महिला में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मिला है।
महिला का केजीएमयू में इलाज चल रहा है। बुधवार को इसकी सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सीएमओ के आदेश पर रैपिड रिस्पांस टीम ने महिला के घर पहुंचकर परिवार के आठ लोगों को टैली फ्लू की दवा खिलाई। आसपास के लोगों को बीमारी से बचाव के टिप्स दिए।
जिले में जनवरी से अब तक स्वाइन फ्लू के 10 केस पॉजिटिव हो चुके हैं। इसमें से पांच मामले शहर के ही हैं। एक रोगी की मौत भी हो चुकी है।
बताते हैं कि शहर की एक महिला अपने भाई की शादी में जिले के ही एक गांव में गई थी। 26 मार्च को वह घर लौटी तो बीमार हो गई। जुकाम-बुखार होने पर उसे 30 मार्च को शहर के एक चिकित्सक को दिखाया गया।
चिकित्सक ने उसे केजीएमयू ले जाने की सलाह दी। इसके बाद उसे लखनऊ में केजीएमयू में भर्ती करा दिया गया। यहां चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू की जांच कराई तो स्वाइन फ्लू पॉजिटिव मिला।
बुधवार को महिला के स्वाइन फ्लू पॉजिटिव होने की रिपोर्ट मिलने के बाद सीएमओ के आदेश पर रैपिड रिस्पांस टीम ने उसके घर पहुंचकर परिवार के आठ सदस्यों को दवा खिलाई।
साथ ही परिवार के लोगों को इससे बचने के टिप्स दिए। आसपास के लोगों को भी स्वाइन फ्लू के संबंध में जागरूक किया गया। हालांकि तीन माह में स्वाइन फ्लू के 10 केस मिलने के बाद जिले में हड़कंप मच गया है। सीएमओ ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को अलर्ट कर दिया है।