रायबरेली। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार को राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आगाज हो गया। बालकों की अंडर-14 रायबरेली हॉकी गोल्ड कप मुकाबले में 16 टीमें भाग लेंगी, जिनमें अब तक सात टीमें आ चुकी हैं।
इनमें रायबरेली, मऊ, बरेली, कौशांबी, झांसी, मेरठ और गाजीपुर शामिल हैं। उद्घाटन के बाद खेले गए तीन मैचों में मेजबान के साथ ही बरेली और वाराणसी की टीमों ने जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता का पहला मैच विवेक एकेडमी वाराणसी और मेरठ के बीच खेला गया, जिसमें वाराणसी ने 9-0 से जीत दर्ज की। दूसरे मैच में बरेली और झांसी की टीमें भिड़ीं।
यह मैच भी एकतरफा रहा और बरेली ने 11-0 से सफलता अर्जित की। तीसरा मैच कौशांबी और रायबरेली के बीच खेला गया।
इस रोमांचक मैच में रायबरेली ने 5-1 से जीत अर्जित करके अपना खाता खोला। पहले दिन भले ही शाम को मैच खेले गए, लेकिन शनिवार को सुबह 9 बजे से मुकाबले शुरू हो जाएंगे। यह मुकाबला 15 जनवरी तक चलेगा, जिसमें अभी और टीमें शामिल होने आएंगी।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि एसपी सुनील कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि हेमंत सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव लक्ष्मीकांत शुक्ला ने किया। तिरुपति बालाजी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।