रायबरेली। भाई रुद्रांश की मौत से सहमी मासूम गौरी ने स्कूल जाना छोड़ दिया है। गुरुवार को मृतक छात्र रुद्रांश पांडेय की बहन गौरी गुरुवार को मां के साथ पुलिस कार्यालय पहुंची।
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। मां ने भी आरोप लगाया कि सीसीटीवी कैमरे में आई फुटेज में उसके बेटे की पिटाई किए जाने की बात सामने आई है।
बावजूद पुलिस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही है। जांच ठीक तरीके से नहीं हो रही है। उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है। उधर, एसपी का कहना है कि प्रकरण की हर बिंदु पर जांच कराई जा रही है।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के कंडौरा गांव निवासी एवं लेखपाल अमित पांडेय का बेटा रुद्रांश (13) दयावती मोदी पब्लिक स्कूल में कक्षा छह का छात्र था।
15 अक्तूबर को रुद्रांश का शव रूदौली गांव के निकट रेल ट्रैक के पास पड़ा मिला था। गुरुवार को मृतक छात्र की बहन गौरी, मां प्रियंका पांडेय एसपी से मुलाकात की।
परिवारीजनों ने बताया कि स्कूल की शिक्षिका ममता सिंह को सीसीटीवी कैमरे में बेटे की पिटाई करते हुए दिखाया गया है। केस दर्ज कर लिया गया है, लेकिन कार्रवाई नहीं की जा रही है।
मां ने बताया कि जल्द मामले में न्याय नहीं मिला तो मामले की शिकायत सीएम से की जाएगी। राही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं मृतक छात्र के मामा पंकज तिवारी ने बताया कि उसके भांजे रुद्रांश की हत्या की गई है।
स्कूल प्रबंधन साक्ष्य मिटाने में जुटा है। पुलिस पूरे प्रकरण में पर्दा डालने में जुटी है। परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है। इसको लेकर चुप नहीं बैठा जाएगा। उन्होंने बताया कि भांजी गौरी दयावती मोदी पब्लिक स्कूल में ही यूकेजी में पढ़ती थी। घटना के बाद डरी मासूम ने स्कूल जाना छोड़ दिया है।