बछरावां-सिंहपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में ट्रेन से कटकर महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बछरावां-रायबरेली रेलखंड पर बगाही गांव के पास सोमवार रात लगभग 11 बजे ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।
सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची बछरावां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खोजबीन शुरू की।
मृतक की पहचान अमरजीत के रूप में हुई, जो बगाही गांव का रहने वाला था। मृतक की शिनाख्त उसके पिता सोहनलाल ने की।
पिता ने बताया कि पुत्र शटरिंग का काम करता था। रात लगभग 10 बजे अमरजीत किसी काम के लिए बाहर निकला था। एसओ रविंद्र सिंह ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है।
उधर, अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के दुबेपुर मजरे अंगूरी की रहने वाली अनीता (36) पत्नी राजाराम मंगलवार की सुबह पांच बजे लखनऊ-सुल्तानपुर रेलवे लाइन के पास अपने खेत की तरफ गई थी।
वापस लौटते समय समय ट्रेन की चपेट में आ गई। इससे उसके शरीर के परखच्चे उड़ गए। इन्हौना चौकी प्रभारी रामकृपाल सिंह ने बताया कि ट्रेन से कटकर महिला की मौत हुई है।