हादसे में युवक की मौत पर भड़के ग्रामीण, जाम किया हाईवे
डीह (रायबरेली)। सलोन कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को ट्रक की टक्कर से युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया।
लोगों ने रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। उधर, हंगामे की सूचना पाकर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। काफी समझाने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और आवागमन बहाल हो सका।
सलोन के गौवा गांव निवासी सुनील कुमार (19) पुत्र ओमप्रकाश बुधवार सुबह गौवा चौराहे के निकट सड़क किनारे खड़ा था।
तभी सलोन से रायबरेली की ओर जा रहे ट्रक ने सुनील को टक्कर मार दी, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव जिला मुख्यालय भेज दिया।
उधर, हादसे से गुस्साए ग्रामीणों व परिवारीजनों ने शव वापस मंगाए जाने की मांग को लेकर रायबरेली-प्रतापगढ़ हाईवे जाम कर दिया।
इससे दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस ने शव को वापस मंगवाया और सीओ शशिकांत के समझाने पर ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
इस दौरान भदोखर, सलोन, डीह समेत कई थाने की पुलिस बुला ली गई। सूची पुलिस चौकी इंचार्ज बृजपाल सिंह ने बताया की घटना की तहरीर मृतक के पिता ओमप्रकाश ने दी है। ट्रक चालक को पकड़ा गया है। कार्रवाई की जा रही है।