छह दिन से गैरहाजिर एपीओ का मानदेय काटा
रायबरेली। जगतपुुर ब्लॉक में मनरेगा के कार्यों को देखने के लिए तैनात अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (एपीओ) पिछले छह दिन से गैरहाजिर है।
सीडीओ ने एपीओ का मानदेय काटते हुए जवाब मांगा है। इसके अलावा मनरेगा की खराब प्रगति और बैठक में शामिल न होेने पर दो और एपीओ का मानदेय काटते हुए जवाब मांगा गया है।
सीडीओ राकेश कुमार ने गत मंगलवार की देरशाम मनरेगा के कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक की। समीक्षा में पाया गया कि जगतपुर के एपीओ राशिद उल मुजतबा फारुखी बीती 14 जून से ब्लॉक नहीं पहुंचे हैं।
बैठक में भी शामिल नहीं हुए। इसके अलावा शिवगढ़ के एपीओ रविशंकर सिंह, और छतोह के एपीओ शीवेंद्र विक्रम सिंह भी बैठक में शामिल नहीं हुए।
इन ब्लॉकों में मनरेगा की प्रगति भी बेहद खराब मिली। तीनों एपीओ का मानदेय काटते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। डीसी मनरेगा पवन कुमार सिंह ने बताया कि एपीओ को मानदेय रहित किया गया है। नोटिस देकर जवाब मांगा है। जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।