नाली विवाद में छोटे भाई की पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला
हरचंदपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के मवैया गांव में सोमवार को नाली विवाद में महिला की बांस से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दो सगे भाइयों में विवाद होने पर महिला बीच-बचाव करने पहुंची थी। इस पर बड़े भाई ने पत्नी व बेटे के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। उसे अस्पताल भी पहुंचाया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया। सीओ महराजगंज गोपीनाथ सोनी ने घटना की जांच की और आरोपियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
मवैया गांव निवासी महमूद और उसके छोटे भाई मंसूर अली के बीच दोपहर बाद नाली विवाद को लेकर कहासुनी होने लगी। मंसूर अली की पत्नी फीरोज अख्तर (45) बीच-बचाव करने पहुंची। इस पर विपक्षियों ने बांस से उस पर हमला बोल दिया और पीट-पीटकर महिला को अधमरा कर दिया। घटना की जानकारी पर आसपास के लोगों के साथ कार्यवाहक एसओ धीरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने पर हमलावर भाग गए।
घायल महिला को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। इससे परिवारीजनों में कोहराम मच गया। सीओ महराजगंज ने घटना की बाबत परिवारीजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि काफी दिनों से दोनों भाइयों में नाली का विवाद चल रहा है। कार्यवाहक एसओ ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर आरोपी महमूद, उसकी पत्नी अलीमुननिशा व बेटे नदीम के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।