बिना बकाया कनेक्शन जोड़ना पड़ा महंगा, केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
रायबरेली। बकाये पर काटे गए कनेक्शनों को जोड़ना 18 लोगों को महंगा पड़ गया। शुक्रवार को छापेमारी के दौरान पकड़े गए इन उपभोक्ताओं के खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पावर कॉर्पोरेशन की ओर से की गई कार्रवाई से लोगों में हड़कंप है।
त्रिपुला उपखंड अधिकारी एसएन यादव के निर्देश पर गुरुबख्शगंज विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता शिवकुमार वर्मा ने टीम के साथ छापेमारी की। इस दौरान पहले से बकाये पर काटे गए कनेक्शन जुड़े मिले। सभी के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। अवर अभियंता ने बताया कि नेवाजीखेड़ा मजरे कोंसा गांव निवासी शिवमोहन, विजय, अनंत प्रसाद, रामअधार, राजेंद्र कुमार, शीतल के कनेक्शन बकाये पर काटे गए थे, लेकिन बिना बकाया जमा किए सभी ने जोड़ लिया।
इसी तरह ऊंचाहार के अवर अभियंता लालमणि ने भी छापेमारी करके 12 लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा। उन्होंने बताया कि भागीपुर गांव निवासी ज्ञान सिंह, रामसिंह, लक्ष्मीनारायण, जयनारायण, द्वारिका, राजेंद्र कुमार, दीपक व बीकरगढ़ गांव निवासी बाबूलाल, रामप्यारे, रामबहादुर, सदाशिव के कनेक्शन बकाये पर काटे गए थे। सभी लोगों का 10 हजार से ज्यादा रुपया का बिल बकाया है। बिना बकाया जमा किए कनेक्शन जोड़ लिया। सभी के खिलाफ ऊंचाहार थाने में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।