किसी को केले का पेड़ तो किसी को मिला हेलीकॉप्टर
रायबरेली। जिले में एक नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों में अध्यक्ष के 79 और सभासद व सदस्य पद के 636 प्रत्याशियों को मंगलवार को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए। निर्दलीय प्रत्याशियों में किसी को केले का पेड़ तो किसी को हेलीकॉप्टर चुनाव चिह्न मिला। वहीं भाजपा, कांग्रेस, सपा और बसपा के प्रत्याशियों को पार्टी के सिंबल निर्धारित किए गए। इस दौरान तहसीलों में चिह्न आवंटन को लेकर गहमागहमी रही। यहां पर 29 नवंबर को निकाय चुनाव का मतदान होना है।
नगर पालिका रायबरेली के अध्यक्ष और सभासद के प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न आवंटन प्रक्रिया पूर्वाह्न 11 बजे से शाम तीन बजे तक सदर तहसील में कराई गई। हर प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ तहसील पहुंचकर चुनाव चिह्न लिया। निर्दलीय प्रत्याशियों को केले का पेड़, गदा, पहिया, चिड़िया का घोंसला, जीप, टेबल फैन, फूल और घास, फसल काटता किसान, आग बुझाने की गाड़ी, भगोना, हेलीकॉप्टर आदि चुनाव निशान दिए गए। वहीं भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा समेत अन्य पार्टियों से चुनाव लड़ने वाले अध्यक्ष व सभासद के दावेदारों को पार्टी सिंबल दिए गए। इस दौरान तहसील में गहमागहमी रही। रायबरेली नगर पालिका में अध्यक्ष पद के 11 और सभासद पद के 242 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
इसके अलावा नगर पंचायत डलमऊ, सलोन, नसीराबाद, ऊंचाहार, परशदेपुर, महराजगंज, बछरावां के अध्यक्ष और सभासद पद के दावेदारों को चुनाव चिह्न दिए गए। सलोन, महराजगंज और डलमऊ तहसील में चुनाव आवंटन को लेकर अफरातफरी रही। हर कोई अपने परिवारीजन या फिर समर्थक के साथ चुनाव चिह्न लेेने के लिए तहसीलों में पहुंचा। चुनाव चिह्न का आवंटन होने के बाद 29 नवंबर को होने वाले नगर निकाय चुनाव को लेकर अब चुनाव प्रचार और तेज हो गया है। चुनाव जीतने के लिए प्रत्याशी वोटरों को अपने पाले में करने में जुटे हैं।
एक नगर पालिका और आठ नगर पंचायतों में अध्यक्ष व सभासद के दावेदारों को चुनाव चिन्ह आवंटन कर दिया गया है। दावेदारों से कहा गया है कि वे चुनाव आचार संहिता का पालन करें। यदि कोई आचार संहिता का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।- उप डॉ. राजेश प्रजापति, जिला निर्वाचन अधिकारी