करंट से बच्ची की मौत
रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर आइमा में घर वालों के साथ खेत गई पांच साल की बच्ची करंट की चपेट में आ गई। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुल्तानपुर आइमा गांव निवासी शिवशंकर के खेत में पानी लगा था। उसकी पांच साल की बेटी सुभि भी पिता के साथ खेत गई थी। खेत के बगल में तार की बैरिकेडिंग के पास पहुंच गई। बताते हैं कि बैरिकेडिंग में करंट आ रहा था। बच्ची करंट की चपेट में आ गई। उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से वृद्ध की जान गई, तीन जख्मी
महराजगंज (रायबरेली)। महराजगंज-अमावां रोड पर रुकुनपुर गांव के पास रविवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक वृद्ध की दबकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। मिल एरिया थाना क्षेत्र के गांव पूरे दर्जिन मजरे कोड़रस का रहने वाला रामदेव यादव (70) ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर कहीं जा रहा था। उसके साथ राम विलास, राम प्रकाश और राम प्रसाद भी बैठे थे। महाराजगंज-अमावां रोड पर रुकुनपुर गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे रामदेव की दबकर मौत हो गई। बाकी तीन लोग घायल हो गए। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को दफना दिया, जबकि घायलों की नजदीकी अस्पताल में मरहम पट्टी कराई गई।