छात्रा का सिर मुड़ा शव ड्रेन में मिला, हत्या की आशंका
रायबरेली। पांच दिन पहले प्राइमरी स्कूल से संदिग्ध हालात में लापता हुई कक्षा एक की छात्रा का शव सोमवार को शिवगढ़ ड्रेन में मिला। उसकी हत्या और सिर के बाल मुड़े होने की वजह से बलि देने की भी आशंका जताई जा रही है। इसी के चलते इलाकाई ग्रामीणों ने जबरदस्त नाराजगी जताई और फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वायड बुलाने की मांग पर अड़ गए। एएसपी शशिशेखर सिंह ने पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। बाद में फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर घटना का जायजा लिया और सुबूत एकत्र किए। उधर पुलिस पीएम रिपोर्ट आने और तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई करने की बात कह रही है।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली सात वर्षीय कक्षा एक की छात्रा पांच दिन पहले अपने भाई के साथ प्राइमरी स्कूल में पढ़ने गई थी। जहां से वह रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी। उसका बस्ता कक्षा चार में पढ़ने वाला उसका भाई लेकर घर गया था। घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी थी और स्कूल भी बंद करवा दिया था। परिवारीजनों ने बच्ची की खोजबीन की थी, लेकिन उसका कोई पता नहीं लग पाया था। सोमवार सुबह शिवगढ़ ड्रेन में छात्रा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर एसओ पहुंचेे और शव को बाहर निकलवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छात्रा के सिर पर बाल नहीं थे और सिर मुड़ा हुआ था और सर बीच से चटका हुआ था। शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया था। किसी जंगली जानवर के द्वारा नोचा हुआ भी लग रहा था। शरीर पर स्कूल क ी यूनीफार्म थी। बच्ची के शव मिलने की जानकारी पर एएसपी शशिशेखर सिंह व सीओ गोपीनाथ सोनी मौके पर पहुंचे। ग्रामीण हत्या और बलि की आशंका जताते हुए फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। इस पर एएसपी ने उन्हें समझाया। छात्रा के चचेरे भाई ने पुलिस को सूचना दी है। क्षेत्राधिकारी महराजगंज गोपी नाथ सोनी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा कि उसकी हत्या की गई या फिर उसके साथ कोई और अनहोनी हुई। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छात्रा की यूनीफार्म की शर्ट, स्कर्ट आदि अस्तव्यस्त था। ऐसे में यह भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं रेप का विरोध करने पर तो नहीं उसकी हत्या कर दी। पुलिस कह रही है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।उधर परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा का कहना है कि पांच दिन से लापता छात्रा का शव मिला है। उसकी हत्या की गई है या नहीं। उसके साथ कौन सी अनहोनी हुई है। यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेगा। परिवारीजनों की ओर से जो तहरीर दी जाएगी, उसके आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। घटना के हर पहलू पर जांच करके उसकी सच्चाई जानने की कोशिश की जा रही है। इसके बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।