बिना परमिट कटवा दिए आम व नीम के पेड़
रायबरेली। मिल एरिया पुलिस की मिलीभगत से क्षेत्र में हरे आम के पेड़ कटवाए जा रहे हैं। बुधवार को आम व नीम के पेड़ कटवा दिए गए। खास बात ये रही कि परमिट जारी नहीं किया गया था। जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम पहुंची। टीम ने लकड़ी बरामद कर ली, जबकि ठेकेदार मौके से भाग निकला। मामले की तहरीर थाने में दी गई है।
जैतूपुर में सुबह आम का एक और नीम के पांच हरे पेड़ कटवा दिए गए। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी सूचना थाने में दी, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि पुलिस की मिलीभगत से पेड़ काटे जा रहे थे। इसीलिए पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। वन दरोगा फिरोज खान, शेष कुमार और वनरक्षक गंगासागर मौके पर पहुंचे तो ठेकेदार व अन्य लोग फरार हो गए। लकड़ी बरामद कर ली गई। वन दरोगा फिरोज खान ने बताया कि मामले की तहरीर थाने में दे दी गई है। एसपी शिवहरि मीणा का कहना है कि हरे पेड़ कटान में मिल एरिया पुलिस की मिलीभगत है तो इसकी जांच कराई जाएगी। हरे पेड़ों की कटान किसी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी।