एआरटीओ कार्यालय में शॉर्टसर्किट से लगी आग
रायबरेली। एआरटीओ कार्यालय में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब अचानक बिजली की शॉर्टसर्किट से आग लग गई। इससे तीन यूपीएस और वायरिंग जल गई। कार्यालय के अंदर बैठकर कार्य कर रहे कर्मियों में भगदड़ मच गई। बिजली आपूर्ति काटी गई और आग को बुझा दिया गया। आग लगने से 50 हजार से ज्यादा नुकसान होने की बात कही जा रही है। घटना के बाद से कामकाज ठप हो गया। अधिकारियों का कहना है कि दो दिन तक कार्यालय में कार्य बाधित रहेगा।
शहर से करीब करीब आठ किमी दूर रायबरेली-महराजगंज मार्ग पर हरदासपुर गांव के पास एआरटीओ कार्यालय है। दोपहर के वक्त कार्य चल रहा था। इसी दौरान यूपीएस और वायरिंग से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग की लौ उठने लगी। यूपीएस व वायरिंग जलने से हड़कंप मच गया और कर्मचारी जान बचाकर भागे। कार्यालय स्थित स्विच से आपूर्ति ठप कर दी गई और आग को बुझा दिया गया। एआरटीओ प्रशासन पुष्पांजलि मित्रा गौतम का कहना है कि बिजली की शॉर्टसर्किट के चलते आग लगी थी। तीन यूपीएस और वायरिंग जली है। लगभग 50 हजार से ज्यादा का नुकसान हुआ है। घटना की वजह से दो दिन कार्य अब बाधित रहेगा। यूपीएस और वायरिंग ठीक कराई जाएगी। त्रिपुला बिजली उपकेंद्र के जेई शंभूनाथ का कहना है कि घटना की जानकारी हुई है। शॉर्टसर्किट के चलते एआरटीओ कार्यालय में लगी थी।