ऊंचाहार थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम चेकिंग के दौरान एक एसयूवी गाड़ी से दो लाख 49 हजार रुपये बरामद हुए। गाड़ी पर सवार दो सगे भाई समेत तीन लोग रायबरेली की तरफ जा रहे थे। दो अन्य के पास से कुछ रुपये मिले, लेकिन कागजात होने पर नकदी वापस कर दी गई।
सीओ व एसडीएम ने पहुंचकर बरामद रुपये की जांच की। गाड़ी को सीज कर दिया गया है। साथ ही कोई साक्ष्य नहीं दिखाए जाने पर रकम जब्त आयकर विभाग के अफसरोें को इसकी सूचना दी गई है।
ऊंचाहार कस्बा स्थित रेल क्रॉसिंग के पास सीओ डलमऊ श्याम प्रकाश उपाध्याय, थानेदार परशुराम त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ चेकिंग लगाए थे। इसी दौरान एक एसयूवी गाड़ी यूपी 33 एफ 1111 रायबरेली की तरफ जा रही थी। पुलिस ने गाड़ी रोककर चेकिंग की।
गाड़ी के अंदर बैठे विनोद सोनकर के पास से दो लाख 49 हजार रुपये 620 रुपये बरामद हुए। विनोद रकम का कोई साक्ष्य नहीं दिखा सका। गाड़ी पर सवार उसके भाई अंजनी सोनकर के पास से 3540 रुपये और दिलीप अवस्थी के पास से 22 हजार रुपये भी बरामद हुए।
कागजात होने पर अंजनी व दिलीप के रुपये वापस कर दिए गए। वहीं विनोद के पास से बरामद रुपये जब्त कर लिए गए। बरामद रुपये नई करेंसी में है। सूचना पर एसडीएम ऊंचाहार राम अक्षवयर भी थाने पहुंचे।
सीओ का कहना है कि विनोद सोनकर के पास से बरामद रुपये की जांच कराई जा रही है। इसकी सूचना आयकर विभाग के अफसरों को दे दी गई है। कागजात न होने पर गाड़ी को सीज कर दिया गया है।