रायबरेली। सोमवार को पहला दिन होने के कारण एम्स में 11 बजे के स्थान पर 1.35 बजे तक रोगियों का रजिस्ट्रेशन किया गया, लेकिन 14 अगस्त से रोगियों को यह छूट नहीं मिलेगी। 11 बजे तक रजिस्ट्रेशन कराने वाले रोगियों को ही ओपीडी की सुविधा मिल सकेगी। एम्स के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने 11 बजे के बाद रजिस्ट्रेशन काउंटरों को बंद करने के निर्देश दिए हैं।
एम्स की ओपीडी में सुबह आठ से 11 बजे तक रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था है। 11 बजे तक जितने भी रोगियों का पंजीयन हो जाएगा, उनका इलाज किया जाएगा। सोमवार को पहला दिन होने के कारण इलाज कराने के लिए रोगियों की भीड़ उमड़ पड़ी। पहला दिन होने के नाते पंजीयन काउंटर को 1.35 बजे तक खुला रखा गया।
एम्स के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी समीर शुक्ला ने बताया कि 14 अगस्त से 11 बजे रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद हो जाएगा। ओपीडी के लिए कोई समय तय नहीं है, लेकिन 11 बजे तक जितने भी रोगियों का पंजीयन होगा, उनकी ओपीडी की जाएगी।
रविवार व सार्वजनिक अवकाश पर नहीं होगी ओपीडी
एम्स में ओपीडी सप्ताह में हर रविवार को बंद रहेगी। इस दिन रोगियों का इलाज नहीं किया जाएगा। इसके अलावा राज्य सरकार से घोषित सार्वजनिक अवकाशों पर भी ओपीडी नहीं होगी। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी का कहना है कि ऊपर से मिले निर्देशों के आधार पर काम किया जा रहा है। आगे जो भी निर्देश मिलेंग, उसके हिसाब से काम होगा।
पहले दिन रोगियों को मिली छूट
एम्स में पहले दिन करीब ढाई घंटे अधिक ओपीडी और रजिस्ट्रेशन का काम हुआ। 11 बजे के स्थान पर पंजीयन का काम 1.35 बजे तक हुआ। देर तक पंजीयन का काम होने के कारण 2.45 बजे तक ओपीडी चली। पहला दिन होने के कारण एम्स के अधीक्षक व प्रशासनिक अधिकारी ने छूट दी, लेकिन अब छूट नहीं मिलेगी।