एनटीपीसी में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार से लाखों रुपये की कॉपर निर्मित स्टाटर बाइडिंग बार गायब होने के मामले का खुलासा भले ही हो गया हो लेकिन कई सवालों के जवाब अब तक नहीं मिल सके हैं।
एनटीपीसी को शर्मसार करने वाली इस घटना में संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों का सीधा हाथ था या नहीं, इसकी भी जांच चल रही है।
एनटीपीसी के कई अफसरों और कर्मियों के साथ सीआईएसफ जवानों की भूमिका की भी जांच हो रही है। सूत्र बताते हैं कि संस्थान में लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिए परिसर की सुरक्षा में तैनात जवानों की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने पर पुलिस अफसर समूह प्रबंधक को रिपोर्ट सौंपेंगे।
एनटीपीसी परियोजना ऊंचाहार के सेंट्रल स्टोर से गायब किए गए 1.85 करोड़ रुपये कीमत के कॉपर निर्मित स्टाटर बाइडिंग के मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे संस्थान के अंदर हो रहे कारनामों की पोल खुल रही है।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि सीआईएसएफ के कई जवान व एनटीपीसी के अफसरों के भी घटना में शामिल होने के तथ्य मिले हैं। इन तथ्यों को पुख्ता करने के लिए पुलिस कई बिंदुओं की जांच कर सुबूत इकट्ठा कर रही है।
इसके लिए संस्थान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जा रही है। माना जा रहा है कि जल्द ही पुलिस अफसरों की ओर से यह रिपोर्ट एनटीपीसी के समूह महाप्रबंधक को सौंपी जाएगी। जांच में फंसे जवानों व संस्थान के अफसरों पर गाज गिरने के साथ विभागीय जांच भी हो सकती है।