41 लाख से सीएचसी में बेहतर होंगी सुविधाएं
रायबरेली। ग्रामीण क्षेत्रों की सीएचसी में रोगियों की सुविधाओं का अभाव है। अस्पतालों में रोगियों के लिए पेयजल, प्रसाधन या बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं है।
इससे अस्पताल आने वाले रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोगियों को सुविधाएं मुहैया कराने के लिए 12 सीएचसी को 41 लाख से अधिक की धनराशि दी गई है। इन सीएचसी से 13 लाख से अधिक आबादी जुड़ी हुई है। इससे रोगियों को अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं मुहैया हो सकेंगी।
जिले के सरकारी अस्पतालों में आने वाले रोगियों को स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही अन्य सुविधाएं भी देने की व्यवस्था है। इसके लिए अस्पतालों में हर साल एक करोड़ से अधिक धनराशि दी जाती है।
बावजूद इसके अस्पतालों में रोगियों को सुविधाएं देने का काम पूरा नहीं हो पाता है। जिले की सीएचसी में रोगियों को पीने के लिए शुद्ध पानी तक नहीं मिल पा रहा है।
प्रसाधन कक्षों में गंदगी बनी रहती है। रोगी कल्याण समिति से जिले की 12 को 41 लाख रुपये से अधिक की धनराशि दी गई है।
सीएचसी के अधीक्षकों को रोगियों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के आदेश दिए गए हैं। धनराशि को खर्च करके रिपोर्ट देने के लिए भी कहा गया है। अस्पतालों में मार्च महीने से पहले और धनराशि रोगियों के कल्याण के लिए मुहैया कराई जाएगी।