जिले में सात दिन मनाया जाएगा शहीद दिवस
रायबरेली। नए साल में 7 से 14 जनवरी तक जिले में शहीदों को याद किया जाएगा। सातों दिन लगातार अलग-अलग ब्लॉकों में शहीद स्थलों पर कार्यक्रम होंगे। इसके लिए बचत भवन में एडीएम (प्रशासन) तिलकधारी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें तैयारियों की समीक्षा की गई। एडीएम ने कहा कि 7 जनवरी को मुंशीगंज शहीद स्थल से कार्यक्रम प्रारंभ होगा। 8 जनवरी को सेहगों एवं राजामऊ शहीद स्थल महराजगंज, 9 जनवरी को करहिया बाजार शहीद स्थल सलोन, 10 जनवरी को दौलतपुर शहीद स्थल ऊंचाहार, 11 जनवरी को सरेनी शहीद स्थल, 12 गंगागंज एवं मनेहरू शहीद स्थल, 13 जनवरी को कोंसा शहीद स्थल में शहीद दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को शंकरपुर शहीद स्थल पर शहीद दिवस का समापन किया जाएगा। शहीद दिवस की पूर्व संध्या पर 6 जनवरी को डीएम मुंशीगंज स्थित शहीद स्थल पर दीपदान करेंगे। 7 जनवरी को श्रद्धांजलि समारोह होगा। इसके लिए सभी विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई।