आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने खाली थाली पीटकर मचाया हल्ला
रायबरेली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को 44 दिन से चल रहे आंदोलन को नई धार दी। खाली थाली पीटकर प्रदर्शन किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय तक पहुंची, फिर कलेक्ट्रेट जाकर भी प्रदर्शन किया।
जिला प्रभारी राकेश कुमार शुक्ल एवं जिलाध्यक्ष लीना पांडेय ने कहा कि प्रदेशीय आह्वान पर 13 सूत्री मांगों को लेकर न्यायोचित मानदेय वृद्धि और सेवा शर्तों में सुधार के लिए आंदोलन का दूसरा चरण शुरू किया गया है। पहले चरण में सभी बहनों ने शांतिपूर्वक ढंग से धरना-प्रदर्शन किया, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसीलिए आंदोलन के दूसरे चरण की रणनीति तय की गई। थाली पीटकर प्रदर्शन करने का मकसद इतना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रही महिलाओं की खाली थाली भरने का काम सरकार करे। अब सहन नहीं होता है, इसीलिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अब आमरण अनशन को भी तैयार हैं।
महामंत्री सीता सिंह एवं कोषाध्यक्ष सालसा सिंह ने बताया कि 5 दिसंबर को विकास भवन परिसर से कैनाल रोड, जिला अस्पताल चौराहा, कचहरी रोड होते हुए डिग्री कॉलेज तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। 6 दिसंबर को परियोजनाओं से पदयात्रा निकलेगी और डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। 7 से 10 दिसंबर तक क्रमिक अनशन और उसके बाद 11 दिसंबर से बेमियादी आमरण अनशन शुरू किया जाएगा। थाली नाद में सोनी वाजपेयी, बीना सिंह, कुमकुम श्रीवास्तव, प्रियंका सिंह, रचना, कुसुम सिंह आदि मौजूद रहीं।