एड्स जागरूकता में खर्च में होंगे मात्र 7500 रुपये
रायबरेली। विश्व एड्स दिवस के मौके पर 01 दिसंबर को एड्स से लोगों को बचाने के लिए 7500 ही इस बार खर्च हाेंगे। इस धनराशि से पोस्टर, स्लोगन और रंगोली प्रतियोगिताओं के साथ ही अन्य आयोजन होंगे। स्वास्थ्य विभाग को एड्स जागरूकता कार्यक्रम के लिए धनराशि उपलब्ध करा दी गई है। हैरत की बात है कि मात्र 7500 रुपये में जिले भर में जागरूकता कार्यक्रम कैसे हो सकेंगे।
हर साल 01 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस मनाया जाता है। लगातार प्रयास के बाद भी जिले मे एड्स रोगियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। जिले में जागरूकता के नाम पर हर साल खानापूरी हो रही है। इस साल भी विश्व एड्स दिवस के मौके पर खानापूरी ही किए जाने का प्रयास शुरू किया गया है। शासन से जिले को मात्र 7500 रुपये ही जागरूकता कार्यक्रम के लिए दिए गए हैं। जिले में इतनी कम धनराशि में ही जिले में जागरूकता कार्यक्रम को पूरा किया जाना है। इससे स्पष्ट है कि जिले में एड्स जागरूकता कार्यक्रम खानापूरी तक ही सिमटकर रह जाएगा। सीएमओ डॉ. डीके सिंह ने बताया कि शासन से जो भी धनराशि मिली है उसे खर्च करके अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम कराए जाएंगे।