मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को न्याय पंचायत मऊ में आयोजित रैली को खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि राम कनौजिया व प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद अवस्थी ने झंडी दिखाई।
इसमें प्राथमिक विद्यालय मऊशर्की, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मऊगर्वी, जनता विद्यालय मऊगर्वी, बाल विद्या मंदिर, ऊंचेश्वर शिक्षा सदन, प्राथमिक विद्यालय मुरैनी व डेपारमऊ सहित न्याय पंचायत क्षेत्र के सभी विद्यालयों ने भाग लिया।
‘सत्य और ईमान से, सरकार बने मतदान से...’, ‘आओ मिलकर अलख जगाएं, शत-प्रतिशत मतदान कराएं...’ जैसे नारों की गूंज से मऊ गांव की गलियां गूंज उठीं। बाद में यहां हुई गोष्ठी में बीईओ ने सभी को निष्पक्ष व भयमुक्त मतदान की शपथ दिलाई। कहा कि हम सबको लोकतंत्र की मजबूती के लिए देशहित में मतदान अवश्य करना चाहिए।
दयाशंकर अवस्थी, इरशाद सिद्दीकी, विवेक कुमार सिंह, प्रदीप चौरसिया व शुभम श्रीवास्तव आदि ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर रणविजय सिंह, सुजीत चौधरी, कृष्णपाल सिंह, कंचन सिंह, शबनम अंसारी व लवलेश आदि उपस्थित रहे।
एसजेएस पब्लिक स्कूल में मतदान की मुहिम को गति देते हुए प्राइमरी विंग से कक्षा दो तक के बच्चों के बीच भाषण प्रतियोगिता कराई गई। जनसंपर्क अधिकारी मनोज शर्मा ने बताया कि राष्ट्र के इस पर्व को ऐतिहासिक रूप देने की दिशा में विद्यालय प्रबंधन ने भी सहभागिता निभाने का फैसला लिया है।
भाषण प्रतियोगिता में प्राइमरी विंग के बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी निभाई। निर्णायक मंडल ने कक्षा एक के के. खान, अभिराज सिंह, महक, परी, आराध्या, सात्विक सिंह, कक्षा दो के कार्तिक, प्रेरना, अंशिका, आर्या व अनन्या आदि के भाषण को उत्कृष्ट घोषित किया। कार्यक्रम का संचालन जिया कौसर ने किया।