रायबरेली। जिले में नामांकन प्रक्रिया के दौरान पुलिस महकमे की ओर से रूट डायवर्जन किया जाएगा। कई स्थानों से आने जाने-वाले वाहनों पर पाबंदी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सिंह और एएसपी शशिशेखर सिंह ने सोमवार रात रूट डायवर्जन को हरी झंडी दे दी।
इस बार डीएम कोर्ट में नामांकन प्रक्रिया होगी।
नामांकन प्रक्रिया में भारी संख्या में लोगों का आना रहता है। एएसपी शशिशेखर सिंह ने बताया कि नामांकन के दौरान राना बेनीमाधव चौक से विकास भवन को आने वाला मार्ग बंद रहेगा।
इस मार्ग से वाहनों की नो इंट्री रहेगी। साथ ही सिविल लाइंस से डिग्री कॉलेज चौराहा आने वाले वाहनों पर रोक रहेगी। मामा चौराहा के पास बने ओवरब्रिज से वाहनों को शहर के अंदर भेजा जाएगा। इसके अलावा जरूरत के हिसाब से अन्य मार्गों पर भी रूट डायवर्जन किया जाएगा।