सिंहपुर-इन्हौना (रायबरेली)। अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में बेकाबू कार की टक्कर से बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि पुत्र समेत पांच लोग घायल हो गए।
घायलों को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक अपने बेटे को इंटर की परीक्षा दिलाने जा रहा था। युवक की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मचा है।
शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के पूरे करम मजरे कोटवा गांव निवासी अब्दुल कलाम (40) अपनी बाइक से पुत्र मेहताब आलम (22) को इंटर की परीक्षा दिलाने शुक्लबाजार जा रहा था।
तभी लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर गोसाईं का पुरवा मजरे चिलौली गांव के पास लखनऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
इससे अब्दुल कलाम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र मेहताब घायल हो गया। टक्कर में मारने के बाद कार खड्ड में गिर गई।
इससे कार पर मिसौली गोसाईगंज सुल्तानपुर निवासी दिलीप पटवा, सूरज पटवा व सतीश चंद्र घायल हो गए। उधर, हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह लोगों को बाहर निकाला। पुलिस की मदद से सभी घायलों को निकट के अस्पताल में इलाज कराया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि बाइक सवार पिता हेलमेट नहीं लगाए थे। एसओ ज्ञानचंद्र शुक्ला ने बताया कि कार की चपेट में आने से गोसाई का पुरवा चिलौली गांव निवासी औसान (75) भी घायल हो गया। वह हादसे के समय उधर से गुजर रहा था। मृतक के भाई अब्दुल सलाम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।