रायबरेली। एससी-एसटी कानून में किए गए संशोधन के विरोध में गुरुवार को विभिन्न संगठनों के लोग सड़क पर उतरे। शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में तीखा विरोध हुआ।
बाजार बंद कर लोगों ने डिग्री कॉलेज चौराहे पर जाम लगा दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और पीएम नरेंद्र मोदी को जमकर कोसा।
जाम में वाहनों के साथ कई एंबुलेंस फंसी रहीं, जिससे रोगियों को परेशानी झेलनी पड़ी। सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ के समझाने पर दो घंटे बाद जाम खुल सका।
देहात क्षेत्रों में भी लोगों का गुस्सा सड़क तक पहुंचा। जिलेभर में भारत बंद का मिला-जुला असर देखा गया। सवर्ण समाज के लोगों का कहना है कि यह कानून समाज के हित में नहीं है। यह फैसला बदला जाए। वरना इसका खामियाजा मौजूदा केंद्र सरकार को भुगतना पड़ेगा।
भारत बंद के आह्वान पर सुबह सवर्ण समाज के लोग भारी संख्या में डिग्री कॉलेज चौराहा पर एकत्र हुए। नारेबाजी करते हुए लोगों ने डिग्री कॉलेज से सिविल लाइंस जाने वाले मार्ग को जाम कर दिया।
देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। वाहन जहां के तहां खडे़ हो गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची, लेकिन लोगों का विरोध प्रदर्शन कम नहीं हुआ।
सभी ने एससी एसटी कानून में हुए संशोधन पर विरोध जताया। इस दौरान कई एंबुलेंस जाम में फंस गई। सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट जयचंद्र पांडेय, सीओ शेषमणि उपाध्याय भी पहुंच गए।
लोगों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी की एक न चली। पुलिस ने किसी तरह जाम में फंसी एंबुलेंस गाड़ियों को निकलवाया।
अमित वाजपेयी, आलोक सिंह, दीपेंद्र सिंह, रमेश सिंह, शशांक सिंह राठौर आदि समाज के लोगों ने पीएम मोदी के इस फैसले पर नाराजगी जाहिर की और इसे वापस लेने की मांग की।
दो घंटे बाद लोगों ने अफसरों के समझाने पर जाम खोला। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। सवर्ण समाज के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान भी बंद रखे।
हरचंदपुर प्रतिनिधि के मुताबिक एससी/एसटी एक्ट के विरोध में व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष मनजीत सिंह की अगुवाई में व्यापारियों ने शांतिपूर्ण मार्च करते हुए अपने-अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कर सरकार द्वारा घोषित एक्ट का विरोध करते हुए आपत्ति जताई।
महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक महाराजगंज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिवसागर अवस्थी, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव समेत बड़ी तादाद में वकीलों ने तहसील में प्रदर्शन किया और एसडीएम शालिनी प्रभाकर को ज्ञापन सौंपा।
जगतपुर और डलमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक सवर्ण समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। साथ ही दुकानें बंद रखी। इन्हौंना प्रतिनिधि के मुताबिक अहोरवा भवानी, सेमरौता, शिवरतनगंज, इन्हौंना, सातन का पुरवा, राजा फत्तेपुर आदि में दोपहर तक लोगों ने दुकानें बंद रखी और विरोेध प्रदर्शन किया।
शिवगढ़ प्रतिनिधि के मुताबिक व्यापारियों ने भवानीगढ़ चौराहे और शिवगढ़ पर दुकानें बंद कर सड़क पर जाम लगाकर आम लोगों के साथ प्रदर्शन किया।