हादसों में महिला ग्राम प्रधान समेत दो की मौत
राही-सतांव (रायबरेली)। सड़क हादसों में महिला ग्राम प्रधान समेत दो लोगों की मौत हो गई। भदोखर थाना क्षेत्र के साठिका का पुरवा मजरे अयासपुर की रहने वाली एवं ग्राम प्रधान चंद्रवती (40) पत्नी कन्हैयालाल यादव सोमवार शाम अपने रिश्तेदार रामबिलास के साथ बाइक से रायबरेली जा रही थी।
पीएसी के निकट अचानक वह बाइक से गिरकर घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रधान की मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बुरा हाल है।
गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को बदई का पुरवा के पास हसनापुर मोड़ के निकट बुजुर्ग पैदल जा रहा था। इसी दौरान लालगंज से रायबरेली की ओर मिट्टी लादकर जा रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया।
इससे शव क्षत-विक्षत हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर घटना की पड़ताल की। शव की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। एसओ विनोद सिंह का कहना है कि शव की पहचान नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।