2.44 लाख वोटर करेंगे मताधिकार का प्रयोग
रायबरेली। नगर निकाय चुनाव 2017 को लेकर तैयारियां तेजी से शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में सोमवार को डीएम संजय कुमार खत्री की मौजूदगी में बचत भवन में बैठक हुई। इसमें निकाय चुनाव को लेकर मंथन किया गया। अब तक हुई तैयारियों की समीक्षा की गई। इस बार दो लाख 44 हजार 324 वोटर निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 92 मतदान केंद्रों के 314 बूथों पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोट डाले जाने का खाका तैयार किया गया है। बचत भवन में हुई बैठक में जनपद स्तर के सभी वरिष्ठ अधिकारी, सभी चुनाव प्रभारी एवं विभिन्न राजनैतिक दलो के प्रतिनिधि मौजूद थे। जिलाधिकारी ने राजनैतिक पार्टियों को बढ़े हुए बूथों की जानकारी देते हुए उनसे सुझाव एवं आपत्तियां भी मांगी। उन्होंने निर्वाचन से संबंधित सभी अधिकारियों के मोबाइल नंबर अपडेट करने के निर्देश सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को दिए। उन्होंने नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2017 को पूर्ण पारदर्शिता से कराए जाने एवं इस संबध में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी शासनादेश का गंभीरता से अध्यन कर शत-प्रतिशत उसका पालन करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। साफ कहा कि चुनाव की तैयारियों में किसी तरह की ढिलाई बर्दास्त नहीं की जाएगी।