कितनी प्रसूताएं 48 घंटे अस्पताल में रुकीं, दें रिपोर्ट
रायबरेली। अपर मुख्य सचिव खेल युवा कल्याण एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और जिले के नोडल अधिकारी मो. इफ्तिखारुद्दीन ने शुक्रवार को सीएचसी ऊंचाहार और नगर पंचायत का जायजा लिया। सीएचसी ऊंचाहार के निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने अस्पताल में साफ-सफाई कराने, तीमारदारों के बैठने, प्रसाधन एवं पीने के पानी की व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सीएचसी में पांच साल से खराब पड़ी एक्स-रे मशीन की जगह नई मशीन लगाने के लिए प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा को पत्र लिखने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी ने सीएमओ को निर्देश देते हुए कहा कि प्रसव के लिए जो महिलाएं भर्ती हैं, उनमें कितनी प्रसूताएं 48 घंटे तक रुकी हैं, उनकी रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। सीएचसी के निरीक्षण के बाद नोडल अधिकारी कार्यालय नगर पंचायत ऊंचाहार पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने अधिशासी अधिकारी पवन किशोर से कार्यरत कर्मचारियों की जानकारी प्राप्त की।
नोडल अधिकारी ने नगर पंचायत में शिकायती रजिस्टर एवं आगंतुकों का विवरण रजिस्टर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर करें। नगर पंचायत की वित्तीय स्थिति सुधारने के निर्देश नोडल अधिकारी ने दिए। अधिशासी अधिकारी पवन किशोर ने जानकारी देते हुए बताया कि एंटी लार्वा की दवाई एवं फॉगिंग निरंतर की जाती है। नगर पंचायत में दो बड़े नलकूप एवं तीन मिनी नलकूप हैं। इसके अलावा पांच पानी के टैंकर उपलब्ध हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री, मुख्य विकास अधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय, परियोजना निदेशक इंद्रसेन मौजूद रहे।
श्यामा को पारिवारिक लाभ दिलाने के निर्देश
नोडल अधिकारी मो. इफ्तिखारुद्दीन ने ऊंचाहार विकासखंड के गंगा किनारे स्थित कल्याणी गांव में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। साथ ही शासन की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का सत्यापन भी किया। गांव की श्यामा देवी को एक वर्ष से पारिवारिक लाभ न मिलने पर नोडल अधिकारी ने दो दिन के अंदर लाभ दिलाए जाने के निर्देश दिए। सत्यापन के दौरान उन्होंने पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रसाधन आदि के लाभार्थियों से बात करके जानकारी प्राप्त कि लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस एवं थाना दिवसों में आने वाली शिकायतों के निस्तारण का भी सत्यापन किया। चौपाल में नोडल अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्याओं का शतप्रतिशत निस्तारण समय से करें।