जिला अस्पताल में पंजीकरण काउंटर पर पर्चा बनवाने के लिए लगी लाइन।
रायबरेली। जिले में उल्टी-दस्त का प्रकोप बढ़ गया है। बुधवार को हालत बिगड़ने पर उल्टी-दस्त से पीड़ित 18 मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुखार के भी कई रोगी भर्ती कराए गए।
उधर ओपीडी में भी उल्टी-दस्त और बुखार के ज्यादा मरीज पहुंचे। भीड़ अधिक होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। परचा के साथ ही दवा काउंटरों पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। ओपीडी कक्षों के बाहर भी मरीजों ने बारी आने का इंतजार किया।
बुधवार को उल्टी-दस्त के चपेट में आने के बाद अनिवेश (20), शिवम (18), हुसैन (70), इंद्रभान (65), अदिति (9), दिया (6), बोधा देवी (69), राजिया (70), इमरान (22), मंजू (37), काव्या (2), मैकावती (67) आदि मरीजों को भर्ती कराकर इलाज शुरू किया गया। इसके अलावा बुखार के चपेट में आने से रामदुलारे (55), हिमांशू (7) आदि मरीजों को भर्ती कराया गया। ओपीडी में मरीजों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। यहां उल्टी-दस्त के साथ-साथ तेज बुखार से पीड़ित मरीज भी बड़ी संख्या में इलाज के लिए पहुंचे। अचानक बढ़ी इस भीड़ के कारण मरीजों को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इस स्थिति ने मरीजों के लिए काफी असुविधा और परेशानी खड़ी कर दी।
जिला अस्पताल के हॉस्पिटल प्रबंधक डॉ. बीआर यादव का कहना है कि मौसम में बदलाव के कारण मरीज बढे़ हैं। ऐसे में लोग एहतियात बरतें। अस्पताल में मरीजों की जांच और इलाज के पर्याप्त बंदोबस्त हैं।