जगतपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में सोमवार को ट्रक की टक्कर से एक अधेड़ की मौत हो गई। वह जगतपुर कस्बा दवा लेने गया था। मौत की जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
नवाबगंज कस्बा निवासी राजनारायण पांडेय (55) घर से दवा लेने के लिए निकला था। नवाबगंज कस्बे में वह लखनऊ-इलाहाबाद हाईवे पार करने लगा।
इसी दौरान लखनऊ से प्रयागराज की तरफ जा रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसकी जानकारी घर वालों को हुई तो रोते बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे।
अधेड़ की मौत से पत्नी सच्ची देवी व बेटे आशीष व मनोज का रो-रोकर हाल बेहाल है। मृतक के भतीजे धीरज पांडेय ने थाने में तहरीर दी है। एसओ श्यामबाबू शुक्ला ने बताया भतीजे की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है।