फोटरायबरेली। जिले को उपलब्ध कराई गईं पौने छह लाख कॉपियों के वितरण का कार्य सोमवार को शुरू कर दिया गया। पहले दिन 10 परीक्षा केंद्र बुलाए गए। कॉपियों में कोड अंकित हैं जिनका मिलान करने के बाद उसका सर्टिफिकेट भी हर परीक्षा केंद्र को देना होगा कि सभी कॉपियां सही ढंग से प्राप्त हो गई हैं ताकि बाद में किसी तरह की कोई कमी होने का बहाना न बनाया जा सके।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रशेखर मालवीय का कहना है कि उत्तर पुस्तिकाएं देते समय काफी सावधानी बरती जा रही है। कॉपियों की हेराफेरी न हो सके इसलिए हर केंद्र का डाटा तैयार हो रहा है कि कहां पर किस कोड की कॉपी भेजी गई है।
बता दें कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा कराने के लिए जिले को पौने छह लाख कॉपियां तीन चरणों में भेजी गईं थीं। इनमें अ कापियों की संख्या चार लाख 23 हजार 206 और ब कॉपियों की संख्या एक लाख 52 हजार 882 है।
इंटरमीडिएट की एक लाख 61 हजार अ कॉपियां, 48 हजार ब कॉपियां, हाईस्कूल की दो लाख 62 हजार 206 अ कॉपियां, एक लाख चार हजार 882 ब कॉपियां शामिल हैं। इंटर के 28 हजार 993 और हाईस्कूल के एक लाख 36 हजार 252 कला पत्र भेजे गए हैं।