मनमानी से बिलिंग एजेंसियों पर गाज गिरनी तय
रायबरेली। जिले में रीडिंग लेने वाले एजेसियों की मनमानी जारी है। कई रीडरों को हटाने के बावजूद एजेंसियों की कार्यशैली में सुधार नहीं हो रहा है।
रीडर रीडिंग लेने के बजाय मीटरों में रीडिंग स्टोर करने में जुटे हुए हैं। पावर कॉर्पोरेशन ने जिले में काम कर रही एजेंसियों को हटाने का निर्णय लिया है। इसकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है। इससे बिलिंग का काम करने वाली एजेंसियों में हड़कंप है।
मालूम हो कि जिले के करीब चार लाख उपभोक्ताओं के यहां लगे मीटरों की रीडिंग के लिए तीन एजेंसियां काम कर रही है। सभी एजेंसियों के कर्मचारी रीडिंग लेने के बजाय अपनी-अपनी जेबें भरने में जुटे हैं।
यही वजह है कि छापेमारी में ज्यादातर मामले रीडिंग स्टोर के निकल रहे हैं। सबसे खराब हालत टाउन के अलावा विद्युत वितरण खंड द्वितीय और तृतीय की है।
मनमानी तरीके से कार्य करने वाले एक दर्जन मीटर रीडरों को हटाया जा चुका है। इसके बावजूद कोई खास सुधार नहीं हो रहा है। सबसे ज्यादा शिकायतें टाउन में आ रही है। टाउन में ही पांच रीडरों को हटाया जा चुका है।