भाजपा ने सोनिया रस्तोगी को घोषित किया चेयरमैन प्रत्याशी
रायबरेली। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को लेकर चल रहे तमाम सवालों पर गुरुवार को विराम लग गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने नगर पालिका परिषद रायबरेली के अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में सोनिया रस्तोगी के नाम की घोषणा की। इनके पति विजय रस्तोगी सपा के विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। पिछले चुनावों में पालिकाध्यक्ष की उम्मीदवारी कर चुके है। भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप यादव ने बताया कि शुक्रवार को प्रत्याशी का नामांकन होना है। इसके लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुपर मार्केट स्थित भाजपा कार्यालय में जुटेंगे। यहीं से प्रत्याशी के साथ भाजपाइयों का हुजूम पूर्वाह्न 11 बजे नामांकन कराने के लिए कलेक्ट्रेट की तरफ कूच करेगा। दोपहर लगभग 1 बजे नामांकन का समय तय किया गया है।