नोटबंदी से चरमराई अर्थव्यवस्था : राहुल
रायबरेली। अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में शुक्रवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भुएमऊ गेस्ट हाउस में कहा कि, जीएसटी और नोटबंदी के कारण देश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है। लोग बेरोजगार हो रहे हैं। किसान, व्यापारी और नौजवान परेशान हैं, लेकिन उनके दर्द पर मलहम लगाने वाला कोई नहीं है। कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर मोदी सरकार के झूठे वादों के बारे में जानकारी दें। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान भी किया।
तीन दिवसीय दौरे के अंतिम दिन अमेठी सांसद राहुल गांधी ने भुएमऊ गेस्ट हाउस में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और ब्लॉक अध्यक्षों से मुलाकात की। पदाधिकारियों से बातचीत में उन्होेंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से देश की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है, जिसका दंश हर वर्ग के लोगों को झेलना पड़ रहा है। महंगाई कम होेने के बजाय बढ़ रही है, जिससे जनता परेशान है। कहा कि, जरूरत पड़ने पर सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष किया जाएगा। एम्स का आकार छोटा कर दिए जाने के मुद्दे पर राहुल ने इसे दिखवाने की बात कही। कमेटी के पदाधिकारियों व ब्लॉक अध्यक्षों से मुलाकात करने के बाद राहुल दिल्ली के लिए रवाना हो गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीके शुक्ला ने बताया कि राहुल गांधी ने मोदी सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ संघर्ष को कहा है। पदाधिकारियों व ब्लॉक अध्यक्षों से भी सरकार के कार्यों पर नजर रखने की बात कही। साथ ही 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए जुटने का संदेश दे गए। बताया कि राही ब्लॉक अध्यक्ष पंकज तिवारी, जगतपुर के अध्यक्ष राकेश सिंह राना, अमावां के ब्लॉक अध्यक्ष अजीत सिंह, नौशाद खतीब ने भी राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मौके पर एमएलसी दिनेश सिंह, विधायक राकेश सिंह, साहब शरण, सुनील श्रीवास्तव, निर्मल शुक्ला समेत अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।