ग्राम पंचायत अधिकारी ने भरवाए
राशनकार्ड के फॉर्म, नाले में मिले
शिवगढ़ (रायबरेली)। ब्लॉक क्षेत्र के दहिगवां गांव में गुरुवार को राशनकार्ड के फॉर्म नाले में पाए जाने की सूचना से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। सभी ने खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि यह फॉर्म कहां से आए। इसकी जांच कराई जाए और दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
गांव निवासी शारदा सिंह, शिव बहादुर, शिवशरण शुक्ला, गजराज, रामकुमारी, रामावती, कमलेश आदि ने कहा कि 15 दिन पहले गांव के 654 लोगों के पात्र परिवारों के राशनकार्डों के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी ने फॉर्म भरवाए थे। इनमें से ज्यादातर लोगों के फॉर्म नाले में कटे फटे पाए गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह सब प्रधान और कोटेदार की मिलीभगत से हुआ है। उधर प्रधान मीना शुक्ला के प्रतिनिधि पवन शुक्ल ने आरोपों को बे-बुुनियाद बताया। कहा जो फ ॉर्म डबल भर गए थे। वहीं फेंके गए हैं। सही फॅार्म ग्राम पंचायत अधिकारी के पास मौजूद हैं। बीडीओ ने जांच कराकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।