फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: रायबरेली में 17 हजार नए बच्चों की स्कूल में एंट्री

Sun, 19 Apr 2026 12:44 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
स्कूल चलो अ​भियान के दौरान पंफलेट दिखाते परिषदीय विद्यालय के बच्चे।
विज्ञापन
रायबरेली। जिले में एक अप्रैल से शुरू हुए नए शिक्षा सत्र के साथ स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में विभाग को बड़ी सफलता मिली है। 15 अप्रैल तक चले इस विशेष पखवाड़े के दौरान 17,422 नए बच्चों का परिषदीय विद्यालयों में दाखिला कराया गया। इनमें सबसे अधिक 10,578 प्रवेश कक्षा एक में और 5,446 दाखिले कक्षा छह में हुए हैं। नए प्रवेश और पुरानी कक्षाओं से प्रमोट हुए बच्चों को मिलाकर अब तक कुल नामांकन का आंकड़ा 1.57 लाख से अधिक पहुंच गया है।
विज्ञापन


पिछले सत्र में कुल 1.94 लाख विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से कक्षा आठ उत्तीर्ण करने वाले 23 हजार बच्चे अब माध्यमिक शिक्षा की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं, कक्षा पांच पास करने वाले लगभग 30 हजार बच्चों को परिषदीय स्कूलों की ही कक्षा छह में नामांकित करने का प्रयास जारी है। अब तक 1.40 लाख से अधिक पुराने बच्चों का अगली कक्षाओं में पंजीकरण किया जा चुका है। विभाग की यह मुहिम निरंतर जारी है और अब स्कूल चलो अभियान का दूसरा चरण जुलाई में शुरू होगा, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्यधारा से छूटने न पाए।

प्रचार-प्रसार पर दिया गया जोर
जिले में एक से 15 अप्रैल तक चले स्कूल चलो अभियान के प्रथम चरण में प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया। जिला समन्वयक अविलय सिंह ने बताया कि अभिभावकों को जागरूक करने के लिए जिले के प्रमुख स्थलों पर होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। साथ ही, जिला मुख्यालय और ब्लॉक स्तर से एलईडी वैन के जरिए गांव-गांव जाकर लोगों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया और दीवारों पर जागरूकता संदेश भी लिखवाए गए।
विज्ञापन


जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) राहुल सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को परिषदीय विद्यालयों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में मिली सफलता के बाद अब आगे भी युद्ध स्तर पर कार्य जारी रहेगा। शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा लगातार समीक्षा की जा रही है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें