रायबरेली। जिले में पेटदर्द, उल्टी-दस्त और बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार को 17 से अधिक मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। उधर, नवरात्र की अष्टमी का व्रत होने के कारण ओपीडी में कम मरीज पहुंचे। हालांकि मरीजों को परचा बनवाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार को पेट दर्द, उल्टी-दस्त और बुखार के चपेट में आने के बाद पिंटू (30), तारावती (28), अरमान (18), सिदरा (4), ज्योत्सना (24), विकास (57), शांती (60), गंगाशंकर (35), साहिल (40), शिवानी (26) आदि को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की कम भीड़ देखने को मिली। व्रत होने के कारण कम लोग चिकित्सीय सलाह लेन के लिए पहुंचे। परचा काउंटर से लेकर दवा काउंटर तक मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। चिकित्सक डॉ. गौरव त्रिवेदी का कहना है कि मौसम बदलाव के कारण समस्या हो रही है। लोग एहतियात बरतें। समस्या होने पर अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं। खानपान पर ध्यान दें।