ऊंचाहार (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में बुधवार को करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई, जब युवक बिजली के बोर्ड में पंखे का प्लग लगा रहा था। युवक की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। मामला कोतवाली क्षेत्र के कोटरा मजरे कोटरा बहादुरगंज गांव का है।
गांव के हरिश्चंद (23) ने गांव में ही एक परचून की दुकान कर रखी थी। दोपहर में वह दुकान में टेबल फैन लगा रहा था। बताते है कि पंखे का तार कटा हुआ था।
उसने जैसे ही बिजली के बोर्ड में तार लगाया, वह करंट की चपेट में आ गया। इसी बीच आपूर्ति बंद हो गई। परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उसके बाद अस्पताल से कोतवाली को घटना से संबंधित मेमो भेजा जाने लगा। इस बीच परिवारीजन शव को लेकर अस्पताल से चले गए। मामले की सूचना कोतवाली को दी गई।
मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। उससे बड़े भाई फूलचंद व रामकृपाल विवाहित है। मौत से परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। कोतवाल बृजमोहन ने बताया कि जानकारी हुई है। गांव जाकर पता लगाया जाएगा।