रायबरेली। विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे जिला अस्पताल को संजीवनी मिल गई है। शासन की मंशा पर सीएमओ ने जिले की सीएचसी व पीएचसी में तैनात विशेषज्ञ चिकित्सकों को जिला अस्पताल में काम करने के लिए समायोजित कर दिया गया है।
इसमें सर्जन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, टीबी चेस्ट स्पेशलिस्ट, एनेस्थीसिया डॉक्टर जिला अस्पताल को मिले हैं। सर्जन को जिला अस्पताल में जॉइन करने के लिए रिलीव भी कर दिया गया है। अब जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर हो सकेंगी।
जिला अस्पताल में सर्जन डॉ. जेके लाल के भरोसे ओपीडी और ऑपरेशन का जिम्मा था। ऐसे में रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इस समस्या से निपटने के लिए खजूरगांव अस्पताल में तैनात रहे सर्जन डॉ. प्रदीप अग्रवाल को जिला अस्पताल भेजा गया है। उन्हें यहां जॉइन करने के लिए रिलीव भी कर दिया गया है।
एनेस्थीसिया डॉक्टर न होने के कारण जिला अस्पताल में ऑपरेशन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। सीएचसी ऊंचाहार में तैनात एनेस्थीसिया डॉक्टर राम बहादुर को यहां तैनात किया गया है।
टीबी चेस्ट स्पेशलिस्ट डॉ. प्रदीप कुमार को हरचंदपुर से जिला अस्पताल भेजा गया है। जिला महिला अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रिचा मौर्या की तैनाती की गई है।
वे अब तक ऊंचाहार सीएचसी में तैनात थीं। लालगंज सीएचसी में तैनात रहे बेहोशी के डॉ. अरवारुल हक को महिला अस्पताल में तैनात किया गया है।
सीएमओ डॉ. डीके सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के लिए यह निर्णय लिया गया है। डॉक्टरों को जिला अस्पताल में काम शुरू करने के आदेश दिए गए हैं।