एम्स की ओपीडी शुरू होने की बढ़ी हलचल
रायबरेली। जिले के लोगों को दिल्ली जैसी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए सांसद सोनिया गांधी के ड्रीम प्रोजेक्ट एम्स के निर्माण की प्रगति को देखने के लिए मंगलवार को सीडीओ राकेश कुमार व सीएमओ डॉ. डीके सिंह दरियापुर पहुंचे। अधिकारियों के निरीक्षण को लेकर चर्चा है कि जल्द ही ओपीडी शुरू किए जाने की कवायद शुरू हो गई है।
हालांकि अफसरों को मौके पर अस्थायी ओपीडी भवन पूरी तरह से जर्जर मिला। आवासीय भवन का काम तो पूरा मिला, लेकिन अस्पताल के भवन के निर्माण के लिए अब तक काम शुरू होना नहीं पाया गया।
सांसद सोनिया गांधी के प्रयास से शहर से सटे दरियापुर में एम्स खोलने के लिए निर्माण चल रहा है। हालांकि दो साल पहले ही यहां ओपीडी शुरू कराने के लिए अस्थायी रूप से ओपीडी भवन तैयार किया गया था, लेकिन ओपीडी शुरू न होने के कारण यह भवन पूरी तरह से जर्जर हो गया है।
एम्स के आवासीय भवन के निर्माण का काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन अस्पताल के भवन के निर्माण का काम शुरू नहीं हो सका है।
मंगलवार को सीडीओ व सीएमओ ने मौके पर पहुंचकर एम्स की प्रगति को देखा। निर्माण करा रही संस्था के अधिकारियों से निर्माण के संबंध में जानकारी ली।
ओपीडी का भवन पूरी तरह से जर्जर मिला जिससे उसमें किसी भी स्तर से ओपीडी शुरू नहीं कराई जा सकती है। निरीक्षण में पाया गया कि आवासीय भवनों का काम लगभग पूरा हो गया है। अब अस्पताल के भवन का निर्माण होना है।