मेरा रंग दे बसंती चोला...
रायबरेली। मेरा रंग दे बसंती चोला ...गीत की शुरुआत होते ही हर किसी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। अमर शहीद की पत्नियों को सम्मानित किया गया तो हर किसी की आंखें भर आईं। मौका था सोमवार शाम स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर डिग्री कॉलेज चौराहे स्थित शहीद चौक पर शहीद संध्या का।
आजादी के वीर सेनानियों एवं अमर सैनिकों को याद करके उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान सबने देश की तरक्की करने और साथ मिलकर देश को एक नया मुकाम देने का संकल्प लिया। यही नहीं मजहब के नाम पर बांटने वालों का मुंहतोड़ जवाब देने की भी बात कही।
इससे पहले डीएम, सीडीओ आदि अफसरों ने शहीद स्मारक मुंशीगंज में सई नदी में 101 दीपों का दीपदान किया गया। नगर पालिका की ओर से कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें लोगों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान शहीद स्थल को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया। डीएम अभय सिंह, सीडीओ देवेंद्र पांडेय, एएसपी शशिशेखर सिंह, सीओ सदर शेषमणि उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप यादव ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान सभी ने शहीदों के परिवारीजन राम दुलारी, धनराजा, ललिता देवी, अरुणा देवी, सियाराजी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। नगर बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं दिव्यांशी, अदिति सिंह, निकिता कश्यप, नारायणी त्रिपाठी, रचना साहू, शालिनी सोनकर, ईशू सिंह आदि ने मेरा रंग बसंती चोला...गीत पर नृत्य करके सभी को देश भक्ति में डुबो दिया।
डीएम ने कहा कि आजादी बहुत मुश्किल में मिली है। कितनी कुर्बानियां देने के बाद आजादी मिली। हमें संकल्प लेना चाहिए कि देश की तरक्की के लिए शिक्षा को बढ़ावा, भ्रष्टाचार का खात्मा करने के लिए आगे आएं। सीडीओ, एएसपी ने भी भाईचारा कायम करने पर जोर दिया। कहा कि हम सब मिलकर देश की तरक्की की इबारत लिखें।
इस मौके पर नगर पालिका के ईओ एसके गौैतम, मुमताजुद्दीन अहमद, सूर्यकांत मिश्रा, सबिस्ता बृजेश, हसन रायबरेलवी, अतुल गुप्ता, रामू दादा मौजूद रहे। वहीं स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के कई स्थानों पर रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया।