भूमि विवाद में दूधिये को गोली मारी
ऊंचाहार-रोहनियां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में भूमि विवाद में सोमवार रात एक दूधिये को गोली मार दी गई। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के बाद उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर होमगार्ड समेत पांच हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी को दबोच लिया है।
काशीपुर मजरे शहजादपुर गांव निवासी राम सजीवन यादव (45) पुत्र सुंदरलाल दूध का व्यवसाय करता है। सोमवार रात लगभग 10 बजे वह पूरे त्रिभुवन रेलवे क्रॉसिंग के पास होटल पर दूध पहुंचा कर घर जा रहा था। गांव के निकट स्थित नाले के पास पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने गोली मार दी। गोली उसके पीठ पर लगी और वह जमीन में गिर गया। गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़े, लेकिन हमलावर भाग निकले। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी धनंजय सिंह सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी पीठ में फंसे 12 बोर कारतूस के आधा दर्जन छर्रे निकाले, लेकिन पेट में कई छर्रे फंसे होने की आशंका पर उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। सीओ विनीत सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद का लग रहा है। पीड़ित परिवार के शक के आधार पर राम सुमेर, बाबूलाल, रामकुमार (होमगार्ड) निवासी काशीपुर, रंजीत यादव भुलभुलियापुर मजरे सैदलीपुर थाना गदागंज, टिंकू निवासी पूरे पहाड़ी मजरे शहजादपुर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसमें रंजीत यादव को दबोच लिया गया है। बाकी की तलाश की जा रही है।