रायबरेली-फैजाबाद राजमार्ग की बदहाली पर बिफरे राज्यमंत्री
अमावां (रायबरेली)। राज्यमंत्री सुरेश पासी शनिवार को अमावां कस्बे पहुंचे तो लोगों ने रायबरेली-फैजाबाद राजमार्ग की बदहाली का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने दो टूक कहा कि जल्द मरम्मत कराकर सड़कें बेहतर बनाई जाएंगी। अब तक इसकी मरम्मत में लापरवाही क्यों बरती गई, इसकी जांच भी कराई जाएगी। दोषियों पर कार्रवाई होगी। मंत्री ने झारखंडेश्वर मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की।
आवास, व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास विभाग के राज्यमंत्री सुरेश पासी शनिवार दोपहर पहुंचे तो लोग उनसे मिलने पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनी। कस्बे के शिव प्रसाद, रामकुमार, शेर बहादुर सिंह आदि ने शिकायत की कि रायबरेली-फैजाबाद राजमार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है। बारिश में जलभराव हो गया है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस शिकायत को राज्यमंत्री ने गंभीरता से लेते हुए दो टूक कहा कि जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके पहले मंत्री कस्बा स्थित झारखंडेश्वर मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना भी की।