हर स्कूल-कॉलेज से 125 विद्यार्थी जुटाने की तैयारी
रायबरेली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी कई विभागों को सौंपी गई है। इसी कड़ी में शिक्षा विभाग ने भी योग दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कमर कस ली है।
माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल-कॉलेजों को लक्ष्य दे दिया है। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग ने भी खंड शिक्षा अधिकारियों को जिम्मेदारी देते हुए हर ब्लॉक के लिए लक्ष्य निर्धारित कर दिया है।
मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में 21 जून को सुबह 6 बजे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम होगा, जिसमें ज्यादा से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटाने की कोशिश की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रशेखर मालवीय ने सभी बोर्डों के माध्यमिक विद्यालयों, संस्कृत विद्यालयों, महाविद्यालयों के प्राचार्यों, प्रधानाचार्यों से कहा है कि सभी लोग अपने संस्थान से कम से कम 125 छात्र-छात्राओं को लेकर सुबह 6 बजे स्टेडियम पहुंचे।
ज्यादा से ज्यादा शिक्षकों और आम जनमानस को भी शामिल कराएं। स्काउटिंग गाइडिंग के लीडर ट्रेनर लक्ष्मीकांत शुक्ला, एनसीसी के लेफ्टिनेंट डॉ. महेंद्र सिंह तथा खेलकूद के जिला क्रीड़ा सचिव अजय सिंह चंदेल को भी पत्र जारी करते हुए कहा है कि वे अपने स्तर से एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स गाइड्स तथा खिलाड़ियों को योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल कराएं।
दूसरी तरफ बेसिक शिक्षा विभाग ने भी अपने महकमे की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारी सौंप दी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी पीएन सिंह ने बताया कि हर ब्लाक से कम से कम 100 लोगों को शामिल कराना है।
इस जिम्मेदारी को खंड शिक्षा अधिकारी निभाएंगे। इस कार्यक्रम में शिक्षकों, एबीआरसी, एनपीआरसी, कार्यालय स्टाफ को शामिल कराएं, ताकि योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोग भाग ले सकें।
डीआईओएस एवं बीएसए ने कहा है कि सभी लोग अपने निकट के जनसामान्य व्यक्तियों से भी संपर्क कर लें, ताकि वे योग दिवस के कार्यक्रम में भाग लेने के लिए मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पहुंच सकें।