कार्तिकेय ने एम्स की प्रवेश परीक्षा में बनाया 20वां स्थान
रायबरेली। बीएसएस पब्लिक स्कूल के छात्र रहे कार्तिकेय शर्मा ने मेडिकल की राष्ट्रीय स्तर की एम्स-2019 की प्रवेश परीक्षा में 20वां स्थान पाकर जिले का नाम रोशन किया है। गुरुवार को इस परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ, जिसमें कार्तिकेय ने अखिल भारतीय स्तर पर 20वां स्थान बनाकर अपनी काबिलियत का परिचय दिया है।
कार्तिकेय ने बीएसएस पब्लिक स्कूल अमोल विहार से इसी साल इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। जिसमें उसने 94.5 प्रतिशत अंक अर्जित करते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की थी। अभी हाल ही में वर्ष 2019 की नीट की परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ है, जिसमें कार्तिकेय ने ऑल इंडिया 123वीं रैंक प्राप्त करके जिले का मान बढ़ाया था।
अब एम्स की प्रवेश परीक्षा में 20वां स्थान अर्जित करके एक नई उपलब्धि अर्जित की है। कार्तिकेय के माता-पिता डॉ. राजेंद्र प्रसाद शर्मा एवं डॉ. गीता शर्मा का गुरुवार को बीएसएस पब्लिक स्कूल में विद्यालय परिवार ने स्वागत एवं अभिनंदन किया।