ऊंचाहार (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में एक कुत्ते के काटने से गाय का दूध जहर बन गया है। इस दूध को पीने से दस लोग बीमार हो गए है। सभी को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया।
मामला क्षेत्र के गांव पूरे तीर मजरे खरौली का है। गांव में संतोष कुमार की गाय को एक कुत्ते ने रविवार को काट लिया था। सोमवार की सुबह गाय का दूध निकालने के बाद गांव के कई लोगों ने उसे पीया। दूध पीने के बाद लोगों को उलझन और पेट में दर्द शुरू हो गया।
उसके बाद सभी को सीएचसी लाया गया, जहां पर गांव के सीमा देवी, लकी, निखिल, भावना, अरुणा, नीरू, लक्ष्मी, संतोष कुमार, राजकली और रोशनी को दवाओं के साथ एंटी रैबीज इंजेक्शन भी लगाया गया है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरबी सिंह ने बताया कि ग्रामीणों को उस गाय का दूध पीने-खाने से रोक दिया गया है। साथ ही गाय को किसी पशु चिकित्सक को दिखाने की सलाह दी गई है।