अलीगढ़ के टप्पल ग्राम में विगत दिनों ढाई वर्षीय बच्ची ट्विंकल की निर्मम हत्या से पूरा देश आक्रोशित है। मासूम ट्विंकल एवं उनके परिजनों को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर विभिन्न संगठन आगे आने लगे हैं। डिग्री कॉलेज चौराहा स्थित शहीद चौक पर इन संगठनों ने मासूम बच्ची को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कैंडल भी जलाई।
डॉ. वैशाली चंद्रा एवं सीमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में शहर की कई संभ्रात महिलाएं शहीद चौक पर एकत्र हुईं और कैंडल जलाकर अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दी। महिलाओं ने एक स्वर से कहा कि सभ्य समाज में इस प्रकार की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जा सकती हैं।
संयोजक अजय वाजपेयी और सह संयोजक जैद खान ने अलीगढ़ में मासूम के हत्यारों को कड़ी सजा दिए जाने की वकालत की। उन्होंने ऐसी घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताया। इस बीच सईब अहमद, शब्बू, ओम कुमार सिंह, इरफान राइनी, मुश्ताक, संतोष मिश्रा, चंदन तिवारी व वरुण शुक्ला आदि मौजूद रहे।
हरचंदपुर कस्बा स्थित हनुमान कुटी में शिव परिवार की ओर से अलीगढ़ में हुई मासूम की हत्या को लेकर विरोध जताया गया। कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। व्यापारियों, समाजसेवियों, विद्यार्थियों ने मौन जुलूस भी निकाला। अमेठी जिले के सिंहपुर विकास क्षेत्र के अहोरवा भवानी कस्बे में संत पथिक सेवा संस्थान के तत्वावधान में कैंडल मार्च निकाला गया।
यह मार्च मुख्य चौराहे से शुरू होकर मंदिर मार्ग, सेमरौता रोड, इन्हौना रोड से होकर निकला। सभी ने दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धाजंलि दी। प्रबंधक श्रीकांत त्रिपाठी ने घटना को अमानवीय बताते हुए सीबीआई जांच की मांग की। इस मौके पर अमित तिवारी, सिद्धार्थ मिश्र, केडी दीक्षित, सदाशिव तिवारी, शरदेंदु मिश्र, अभिषेक बाजपेयी, देवीदयाल बाजपेयी व चमन लाल आदि उपस्थित रहे।